कुल्टी :- कुल्टी थाने के सांकतोड़िया पुलिस फाड़ी क्षेत्र में एक महिला के साथ डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान इसी इलाके के रहने वाले प्रभावशाली नेता मंजूर आलम के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने इलाके की ही रहने वाली एक 27 वर्षीय महिला को डरा-धमकाकर पिछले एक साल से उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर बुधवार की शाम सांकतोड़िया पुलिस फाड़ी में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्यमंत्री की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत कार्रवाई की और महज एक घंटे के भीतर आरोपी मंजूर आलम को दबोच लिया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को सांकतोड़िया पुलिस फाड़ी से आसनसोल अदालत में पेश किया। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच के लिए आरोपी की 7 दिनों की रिमांड मांगी थी, जिसके बाद अदालत ने उसे 4 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। गौरतलब है कि इससे पहले भी सांकतोड़िया चौकी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी सीआईएसएफ (CISF) जवान को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा था।


0 Comments