सामुहिक विवाह में 6 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में, अब तक 572 शादियों का बना रिकॉर्ड

रानीगंज :- अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की रानीगंज शाखा, हनुमान चालीसा संघ और बाजोरिया वृद्ध सेवा सदन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को काटागड़िया मोड़ स्थित बाजोरिया वृद्ध सेवा सदन में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस पुनीत अवसर पर बेहद सादगी और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ 6 जरूरतमंद जोड़े शादी के अटूट बंधन में बंधे। विगत 20 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को उनके नए जीवन की शुरुआत के लिए घर-गृहस्थी का जरूरी सामान उपहार स्वरूप दिया गया, साथ ही वर-वधु दोनों पक्षों के मेहमानों के लिए भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई। इस मांगलिक उत्सव में रानीगंज के विधायक पार्थ घोष, जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी, मारवाड़ी महिला सम्मेलन की शाखा सचिव अरुणा भरतिया, सभापति सिंह, मदन त्रिवेदी, श्रीराम सिंह और पिंटू तारवे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


समारोह के दौरान हनुमान चालीसा संघ के प्रमुख ओम प्रकाश बाजोरिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हम पिछले 20 वर्षों से समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए इस सामूहिक विवाह का आयोजन करते आ रहे हैं। इस वर्ष 6 जोड़ों के विवाह के साथ, अब तक कुल 572 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जा चुका है। भविष्य में भी हमारा यह सेवा कार्य इसी तरह निरंतर जारी रहेगा।


वहीं रानीगंज के विधायक पार्थ घोष ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि हनुमान चालीसा संघ और बाजोरिया वृद्ध सेवा सदन द्वारा बीते दो दशकों से किया जा रहा यह कार्य समाज के लिए एक मिसाल है। गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों और बेटों का इस तरह सम्मानजनक तरीके से विवाह कराना और उन्हें गृहस्थी का सामान देना बेहद सराहनीय कदम है।

Post a Comment

0 Comments