दिवंगत ईसीएल कर्मी की पत्नी को केनरा बैंक ने सौंपा 6 लाख रुपये का डेथ क्लेम

रानीगंज :- ईसीएल के परसिया कोलियरी में कार्यरत दिवंगत कर्मी अशोक चटर्जी की मृत्यु के उपरांत केनरा बैंक की ओर से उनकी पत्नी सोनामनी चटर्जी को 6 लाख रुपये का सहायता चेक प्रदान किया गया। मंगलवार को परसिया कोलियरी परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केनरा बैंक के रीजनल हेड रवि प्रकाश ने यह चेक सोनामणि चटर्जी को सौंपा। इस अवसर पर केनरा बैंक के ब्रांच मैनेजर स्वपन सोरेन, परसिया कोलियरी के मैनेजर अशोक कुमार कर्मकार, डिम्पल अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल बाउरी तथा बीएमसी एरिया कमेटी के अध्यक्ष सहदेव गोप समेत कई कोलियरी श्रमिक उपस्थित थे। 


दुर्गापुर निवासी अशोक चटर्जी परसिया कोलियरी में पंप ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे, जिनका बीती जनवरी में निधन हो गया था। यह डेथ क्लेम केनरा बैंक में अशोक चटर्जी के सैलरी अकाउंट (वेतन खाते) के आधार पर प्रदान किया गया है। बैंक के नियमों के अनुसार सैलरी अकाउंट धारकों को उनके वेतन और श्रेणी के आधार पर विशेष बीमा सुरक्षा तथा वित्तीय लाभ दिए जाते हैं।


कार्यक्रम के दौरान केनरा बैंक के रीजनल हेड रवि प्रकाश ने बताया कि बैंक में सैलरी अकाउंट को तीन श्रेणियों में बांटा जाता है, जिसके अंतर्गत पर्सनल एक्सीडेंट कवर जैसी सुविधाएं मिलती हैं। इसी व्यवस्था के तहत इस क्लेम का त्वरित निपटारा करते हुए 6 लाख रुपये की राशि दी गई। इसके साथ ही उन्होंने अन्य श्रमिकों से भी केनरा बैंक में खाता खोलने की अपील की और आश्वासन दिया कि परसिया कोलियरी के श्रमिकों की सुविधा के लिए जल्द ही एटीएम सेवा शुरू की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments