रानीगंज में AMC के जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र ऑफिस का BJP नेताओं ने किया औचक निरीक्षण, कार्यशैली पर भड़के

रानीगंज :- रानीगंज के गिरजापाड़ा पानी टँकी स्थित आसनसोल नगर निगम के जन्म-मृत्यु पंजीकरण कार्यालय की बदहाली के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस कार्यालय में पिछले छह महीनों से जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए लोग लगातार चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। प्रमाणपत्र न मिलने की वजह से बच्चों के स्कूलों में दाखिले, सरकारी व निजी कार्य, और जरूरी दस्तावेजों में सुधार से जुड़े सभी काम पूरी तरह ठप हो गए हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के रानीगंज मंडल-1 के अध्यक्ष मोनु वर्मा और आसनसोल जिला बीजेपी के कार्यकारी सदस्य रवि केशरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान कार्यालय की घोर लापरवाही उजागर हुई। निर्धारित समय के बाद भी अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय से गायब थे, जिससे लोग घंटों लंबी लाइनों में खड़े रहने को मजबूर दिखे। जब कर्मचारियों से पूछताछ की गई, तो उन्होंने पोर्टल और वेबसाइट के काम न करने का बहाना बनाया। हालांकि, भाजपा नेताओं ने मौके पर मीडिया के सामने बेहद संगीन आरोप लगाए।


भाजपा नेता रवि केशरी ने कहा कि आसनसोल नगर निगम के जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र कार्यालय के अधिकारियों द्वारा आम जनता को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है और छोटे-मोटे कामों को महीनों तक लटकाया जा रहा है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भी कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मानसिकता व कार्य संस्कृति नहीं बदली है और वे भाजपा सरकार को बदनाम करने की मंशा से जानबूझकर ऐसी लापरवाही कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दफ्तर में 'पैसे दो और काम कराओ' का खेल चल रहा है, जहां रिश्वत देने वालों के प्रमाणपत्र तुरंत बन जाते हैं। भाजपा नेताओं ने इस मामले में संलिप्त भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और उनके स्थानांतरण की मांग की है, वहीं विभाग ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

0 Comments