आसनसोल :- पश्चिम बंगाल सरकार की शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्र पाल ने आम लोगों की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए एक नई और सराहनीय पहल की शुरुआत की है। गुरुवार को मंत्री अग्निमित्र पाल आसनसोल नगर निगम पहुंचीं, जहां उन्होंने 'मुखोमुखी' (आमने-सामने) कार्यक्रम के तहत टेलीफोन के माध्यम से सीधे आम जनता की शिकायतें और नागरिक समस्याएं सुनीं। विशेष रूप से आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के निवासियों के लिए आयोजित इस लाइव कार्यक्रम में लोगों ने निर्धारित हेल्पलाइन नंबरों पर सुबह 10 से 11 बजे के बीच कॉल करके अपनी विभिन्न मांगें और परेशानियां सीधे मंत्री के समक्ष रखीं।
इस महत्वपूर्ण पहल के दौरान मौके पर पश्चिम बर्धमान जिले के जिलाधिकारी (डीएम) एस. पन्नाबलम और आसनसोल नगर निगम की प्रशासक अदिति चौधरी सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री अग्निमित्र पाल ने फोन पर मिली हर एक शिकायत को बेहद गंभीरता से सुना और वहां उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को उनके त्वरित और स्थाई समाधान के आवश्यक निर्देश दिए। नगर निगम से संबंधित समस्याओं के निपटारे के लिए शुरू किए गए इस सीधे संवाद तंत्र की आम जनता द्वारा काफी सराहना की जा रही है, क्योंकि इससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर काटने से बड़ी राहत मिलेगी।


0 Comments