आसनसोल :- आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया है। शुक्रवार तड़के मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर डीडी की टीम ने कल्याणेश्वरी फाड़ी पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान कल्याणेश्वरी लेफ्ट बैंक के पास पुलिस बागान इलाके में विशेष नाका चेकिंग शुरू की गई। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि झारखंड के रास्ते एक चार पहिया वाहन से गांजे की बड़ी खेप पश्चिम बंगाल लाई जा रही है।
नाका चेकिंग देखकर चौकन्ना हुआ वाहन चालक गाड़ी को रास्ते में ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद जब पुलिस ने लावारिस वाहन की गहन तलाशी ली, तो उसमें से 100 पैकेटों में छिपाकर रखा गया कुल 104 किलो गांजा बरामद हुआ। जांच में पता चला है कि जब्त की गई कार बिल्कुल नई है और उस पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। फिलहाल पुलिस ने गांजा और कार को जब्त कर पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।




0 Comments