आसनसोल :- आसनसोल के सालानपुर व बाराबनी के सीमावर्ती मैथन लेफ्ट बैंक क्षेत्र में दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी) द्वारा दोबारा अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू करने से हड़कंप मच गया है। शनिवार को भारी पुलिस बल और डीवीसी की सुरक्षा टीम की मौजूदगी में दो बुलडोजरों की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने का काम शुरू हुआ। इस कार्रवाई के लिए डीवीसी ने पहले एक महीने की समयसीमा तय की थी, जिसके समाप्त होते ही यह कदम उठाया गया। भारी बरसात के मौसम में अचानक हुई इस कार्रवाई के कारण देखते ही देखते सैकड़ों परिवारों के सिर से छत छिन गई और पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया।
इससे पहले 15 जून को डीवीसी ने इस क्षेत्र में अभियान चलाकर पांच आवासों को ध्वस्त किया था। उस समय बाराबनी के विधायक अरिजीत राय के हस्तक्षेप और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग पर कॉर्पोरेशन ने एक महीने की राहत दी थी। अधिकारियों के अनुसार, लेफ्ट बैंक क्षेत्र में कुल 110 डीवीसी आवासों को हटाने का निर्णय लिया गया है और यह कार्रवाई उसी का हिस्सा है। इस अभियान के दौरान कई पेड़ों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है।
दूसरी ओर, प्रभावित स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे पिछले 22 वर्षों से इस इलाके में रह रहे हैं और यहां 450 से अधिक परिवार बसे हुए थे। पीड़ितों का आरोप है कि बरसात के इस मौसम में पुनर्वास की कोई वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना केवल एक महीने का नोटिस देकर उन्हें बेघर कर दिया गया। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद सैकड़ों परिवारों के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है और वे प्रशासन से तुरंत मदद की गुहार लगा रहे हैं।





0 Comments