आसनसोल :- आसनसोल के मुर्गासाल इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित मिनी बस की चपेट में आने से करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में स्कूल के 3 बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस भीषण दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव और सनसनी फैल गई।
शुक्रवार सुबह आसनसोल से रानीगंज की तरफ जा रही एक मिनी बस ने अचानक अपना नियंत्रण खो दिया। बेकाबू बस ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़े जयदेव मंडल नामक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मारी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद अनियंत्रित बस ने वहां पास ही खड़ी एक ओमनी वैन को भी जोरदार टक्कर मार दी। इस वैन में स्कूल के बच्चे सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन में सवार तीन बच्चों को काफी गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत राहत और बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों को फौरन इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे मिनी बस के चालक को धर दबोचा। स्थानीय निवासी जितेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ओमनी वैन पूरी तरह सड़क के किनारे सुरक्षित खड़ी थी। बस बेहद तेज गति में थी और उसने अनियंत्रित होकर पहले जयदेव मंडल को रौंदा और फिर स्कूल वैन को टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



0 Comments