Asansol में BJP-TMC के बीच झड़प के बाद माहौल फिर गरमाया, टायर जलाकर सड़क अवरोध

आसनसोल :- आसनसोल के सालानपुर ब्लॉक अंतर्गत आछड़ा इलाके में राजनीतिक हिंसा की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि शुक्रवार को फिर से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। गुरुवार देर रात के हिंसक संघर्ष के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों के एक वर्ग ने सड़क पर टायर जलाकर रास्ता जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि राजनीतिक द्वेष के कारण भाजपा कार्यकर्ताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और वे इलाके में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर पुलिस फाड़ी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सूझबूझ से जाम हटवाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।


इससे पहले, गुरुवार देर रात आछड़ा में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले थे, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जहां भाजपा ने पिकअप वैन से सामान उतारने पर पूछताछ करने पर तृणमूल द्वारा हमला किए जाने का आरोप लगाया है, वहीं तृणमूल ने भाजपा समर्थकों पर मारपीट और वाहन फूंकने के प्रयास का दावा किया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।


हालांकि इस घटना पर बाराबनी के बीजेपी विधायक अरिजीत राय की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। स्थानीय लोगों को डर है कि यदि समय रहते कड़े कदम नहीं उठाए गए, तो यह विवाद सलानपुर के अन्य हिस्सों में भी फैल सकता है। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments