Asansol Municipal Corporation के 3 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस, मंत्री अग्निमित्रा पाल का बड़ा बयान

आसनसोल :- आसनसोल शहर के राहा लेन से हटन रोड तक अतिक्रमण हटाने के अभियान को लेकर उपजे विवाद के बीच बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। सरकार और मंत्री के निर्देशों की अनदेखी करने के आरोप में आसनसोल नगर निगम के तीन अधिकारियों को कारण बताओ (शोकज) नोटिस जारी किया गया है। राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने शनिवार को आसनसोल नगर निगम में पत्रकारों से बात करते हुए इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि प्रशासन के अनुमोदित फैसलों और मंत्रियों के आदेशों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों से इस संबंध में जवाब मांगा गया है और यदि उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं रहा, तो उनके खिलाफ निलंबन जैसी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


शहरी विकास मंत्री ने बताया कि बीते गुरुवार को मिली शिकायतों के आधार पर एक बैठक में निर्णय लिया गया था कि सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वालों को पहले नोटिस देकर 15 दिनों का समय दिया जाएगा। साथ ही, आगामी दुर्गा पूजा और छठ पूजा के त्योहारों को देखते हुए बाजार के पुराने हॉकरों को फिलहाल न हटाने का फैसला हुआ था, जिन्हें 10 नवंबर तक का समय दिया जाना था। इसके बावजूद, निगम के तीन अधिकारियों की पहल पर शुक्रवार को ही कुछ दुकानों को तोड़ दिया गया। मंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए कुछ बेईमान अधिकारी या कर्मचारी जानबूझकर ऐसा कदम उठा सकते हैं। इस मामले में पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने प्रभावित हॉकरों को पुनर्वास और पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण दिलाने का आश्वासन भी दिया।

Post a Comment

0 Comments