आसनसोल :- के सलानपुर ब्लॉक अंतर्गत आछड़ा पंचायत क्षेत्र में मंगलवार देर रात तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प से भारी तनाव फैल गया। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल और पीठाकेयारी अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बीजेपी का आरोप है कि गुरुवार देर रात आछड़ा पंचायत कार्यालय के पास पिकअप वैन से सामान उतारने को लेकर पूछताछ करने पर तृणमूल समर्थकों ने उन पर बंदूक, पंच और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें उनके करीब 10 कार्यकर्ता घायल हुए हैं। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बीजेपी समर्थकों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया, जिसमें पल्लव तिवारी के सिर पर गंभीर चोट आई है। तृणमूल का आरोप है कि इस दौरान एक मोटरसाइकिल और वाहन को आग लगाने की भी कोशिश की गई।
इस घटना को लेकर तृणमूल नेता पल्लव तिवारी ने बीजेपी नेता चिन्मय तिवारी को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि चिन्मय तिवारी ने आरोपों को नकारते हुए जनता के आक्रोश की बात कही और शांति की अपील की। वहीं, मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेता प्रसेनजीत पुइतंडी ने इस हिंसा को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल दोनों पक्षों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।




0 Comments