आसनसोल :- आसनसोल के बाराबनी प्रखंड में अन्नपूर्णा योजना के लाभार्थियों के सत्यापन कार्य के दौरान आंगनवाड़ी कर्मियों और सहायिकाओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार और अपमान का मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित कर्मियों ने बाराबनी थाना प्रभारी (ओसी) के पास लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। यह शिकायत 'पश्चिम बंगाल आंगनवाड़ी कर्मी एवं सहायिका कल्याण समिति' की ओर से दी गई है।
समिति के अनुसार, स्थानीय सीडीपीओ और प्रशासन के निर्देश पर बाराबनी प्रखंड के विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में आंगनवाड़ी कर्मी अन्नपूर्णा योजना के लाभार्थियों का सत्यापन कर रहे थे। इसी दौरान 7 जुलाई 2026 को ब्लॉक कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने कथित रूप से कपिष्ठा निवासी काकली सिन्हा और उनके साथ मौजूद कुछ लोगों ने आम नागरिकों और मीडिया की मौजूदगी में आंगनवाड़ी कर्मियों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया और उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
आंगनवाड़ी कर्मियों का कहना है कि वे मामूली मानदेय पर स्वास्थ्य विभाग और पंचायत के कई अतिरिक्त कार्यों का दायित्व निभाते हैं। आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए वे व्यक्तिगत कठिनाइयों के बावजूद पूरी निष्ठा से काम करते हैं। ऐसे में सार्वजनिक रूप से उनके साथ किया गया कथित दुर्व्यवहार उनके सम्मान और सुरक्षा पर गंभीर आघात है।
समिति ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपित महिला सार्वजनिक रूप से मीडिया के सामने बिना शर्त माफी नहीं मांगतीं और अपनी गलती स्वीकार नहीं करतीं, तब तक आंगनवाड़ी कर्मी अन्नपूर्णा योजना के सत्यापन कार्य से स्वयं को अलग रखेंगे। साथ ही उन्होंने प्रशासन और पुलिस से भविष्य में सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस सभी पक्षों की बात सुनकर आगे की कार्रवाई कर रही है।



0 Comments