Asansol में कोयला खदान से युवती का सड़ा-गला शव बरामद होने सनसनी

आसनसोल :- आसनसोल के सालानपुर थाना क्षेत्र स्थित ईसीएल की बनजेमारी ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (ओसीपी) खदान से एक युवती का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना रविवार को उस समय सामने आई जब स्थानीय लोगों ने खदान के भीतर पत्थरों के बीच एक शव पड़ा हुआ देखा। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद लोगों ने युवती के कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान शिवदासपुर निवासी राबन बाउरी की पुत्री पूर्णिमा बाउरी के रूप में की।

मृतका के परिजनों के अनुसार, 28 वर्षीय पूर्णिमा मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ थीं और अक्सर बिना बताए घर से निकल जाती थीं, लेकिन कुछ समय बाद वापस लौट आती थीं। पिछले रविवार को भी वह इसी तरह घर से निकली थीं, लेकिन जब वह वापस नहीं लौटीं तो परिवार ने सालानपुर थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन आखिरकार रविवार सुबह खदान से उनका शव बरामद हुआ।


इस घटना के बाद इलाके में कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं कि यह महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई गहरी आपराधिक साजिश है। सूचना मिलते ही सालानपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को खदान की गहराई से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments