Asansol में अवैध हथियार और कारतूस के साथ झारखंड का युवक गिरफ्तार

आसनसोल :- आसनसोल के रूपनारायणपुर पुलिस फाड़ी की टीम ने हासीपहाड़ी इलाके से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्तौल और एक राउंड जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सागर यादव के रूप में हुई है, जो झारखंड के चिरकुंडा थाना क्षेत्र के कुमारधुबी मैथन मोड़ का रहने वाला है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार शाम को सागर हसीपहाड़ी के पास केबल्स क्वार्टर इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। गश्त कर रही पुलिस टीम को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, जिससे संदेह और गहरा गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दबोच लिया। 

रविवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस इलाके में सागर का लगातार आना-जाना था। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि घटना के दिन वह वहां हथियार लेकर किस इरादे से घूम रहा था। जांचकर्ताओं को आशंका है कि इसके पीछे किसी बड़ी आपराधिक घटना या साजिश को अंजाम देने की योजना हो सकती है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और हथियार के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments