झालमुड़ी अब सिर्फ खाने में नहीं, गाने में भी! BJP नेता एवं मंत्री Dilip Ghosh ने रिकॉर्ड किया गीत"

कोलकाता:-- पश्चिम बंगाल की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं BJP सरकार के पंचायत, कृषि विपणन और पशु संसाधन मंत्री दिलीप घोष अब एक नए अंदाज़ में नजऱ आते ही चर्चा का विषय बन गए हैं। राजनीतिक मंचों पर भाषण देने वाले दिलीप घोष इस बार रिकॉर्डिंग स्टूडियो में गायक की भूमिका निभाते दिखे।सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के बाद दिलीप घोष सीधे कोलकाता के चिनार पार्क स्थित एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो पहुंचे, जहां उन्होंने चर्चित 'झालमुड़ी सॉन्ग' को अपनी आवाज़ दी। रिकॉर्डिंग के दौरान का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें दिलीप घोष पूरे उत्साह के साथ गीत गाते दिखाई दे रहे हैं। झालमुड़ी पर गीत लोकेश गिरी और उनकी पत्नी रिमाश्री ने लिखा है। सूत्रों के अनुसार गाने की रिकॉर्डिंग पूरी हो चुकी है और इसे जल्द ही आधिकारिक रूप से रिलीज किया जाएगा। इस गाने के पीछे पश्चिम बंगाल की लोकप्रिय स्ट्रीट फूड झालमुड़ी की सांस्कृतिक पहचान भी जुड़ी हुई है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा झाड़ग्राम में सड़क किनारे झालमुड़ी खाने के बाद यह व्यंजन राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं का हिस्सा बन गया था। अब उसी विषय पर तैयार झालमुड़ी गीत चुनावी माहौल से पहले नई चर्चा छेड़ रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के सांस्कृतिक प्रयासों के जरिए आम लोगों, खासकर बंगाली संस्कृति और स्थानीय पहचान से जुड़ाव मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। वहीं सोशल मीडिया पर लोग इस पहल को राजनीति का नया रंग बताते हुए मंत्री की इस नई भूमिका पर दिलचस्प प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि 'झालमुड़ी सॉन्ग' जनता के बीच कितना लोकप्रिय होता है।

Post a Comment

0 Comments