रानीगंज :- रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के विकास और स्थानीय निवासियों की समस्याओं को लेकर विधायक पार्थ घोष ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने रानीगंज और उसके आसपास के औद्योगिक क्षेत्र के लोगों के हित में कई अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने रेल मंत्री के सामने मुख्य रूप से लायकबाँध, पूरनमल और अंडाल में रेलवे की बेदखली की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों का मुद्दा रखा। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति मानवीय और सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह करते हुए अपना वह वादा दोहराया, जिसमें उन्होंने संकट की इस घड़ी में हमेशा जनता के साथ खड़े रहने की बात कही थी। विधायक पार्थ घोष ने कहा कि उन्होंने खुद उन इलाकों में जाकर लोगों से बातचीत की थी और रेल मंत्री से आग्रह किया है कि स्थानीय विधायक होने के नाते उनसे चर्चा करने के बाद इस मामले में जरूरी कानूनी कदम उठाए जाएं।
इस सार्थक चर्चा के दौरान रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में रेलवे की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विस्तार से बातचीत हुई। विधायक पार्थ घोष ने क्षेत्र की जनता की सहूलियत के लिए नए रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण, स्थानीय रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव (स्टॉपेज) की मांग की। खासतौर पर अंडाल व रानीगंज रेलवे स्टेशन से होकर राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन, वंदे भारत और जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन का स्टॉपेज दिया जाए। उन्होंने कुछ नई ट्रेन चलाने और रेलवे लाइन के विस्तार करने का प्रस्ताव दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और लंबे समय से लंबित पड़ी रेल परियोजनाओं को गति देकर जल्द से जल्द पूरा करने की बात कही, ताकि इस पूरे औद्योगिक बेल्ट के लोगों को एक सुगम और आधुनिक रेल यातायात का लाभ मिल सके। विधायक पार्थ घोष ने कहा कि रेल मंत्री ने उनकी मांगों एवं प्रस्ताव को विस्तार पूर्वक सुना है और उम्मीद है कि जल्द ही इसके सकारात्मक नतीजे निकलकर सामने आएंगे।


0 Comments