बारुईपुर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का मुख्य आरोपी प्रभास मंडल पुलिस एनकाउंटर में ढेर

बारुईपुर :- पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में एक नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस एनकाउन्टर में मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना मंगलवार देर रात उस समय हुई जब आरोपी को अपराध के दृश्य (क्राइम सीन) के पुनर्निर्माण के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया था। आरोप है कि वहां उसने पुलिस की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की और जवाबी फायरिंग में मारा गया।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मामले की जांच के सिलसिले में मंगलवार देर रात करीब पौने एक बजे प्रभास को सूर्यपुर के उसी तालाब के पास ले जाया गया था, जहां से किशोरी का शव बरामद हुआ था। क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान अचानक प्रभास ने एक पुलिस अधिकारी से हथियार छीन लिया और भागने का प्रयास करने लगा। जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने पुलिस टीम पर एक राउंड गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें प्रभास गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत बारुईपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


गौरतलब है कि रविवार सुबह सूर्यपुर इलाके के एक तालाब से नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ था। आरोप है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसकी बर्बरता से हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य घटना के सामने आने के बाद से ही पूरा इलाका सुलग उठा था और स्थानीय लोग दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और उन्हें सख्त से सख्त सजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। घटना के बाद आक्रोशित जनता ने ही प्रभास मंडल को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में प्रभास पहली गिरफ्तारी थी, लेकिन सीन रीक्रिएशन के दौरान हुई इस मुठभेड़ ने अब पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया है।

Post a Comment

0 Comments