रानीगंज :- पश्चिम बर्दवान जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां रानीगंज के रोटीबाटी इलाके में उत्तेजित भीड़ ने जिला परिषद के सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी के घर पर जोरदार हमला बोल दिया। बुधवार रात को हुई इस घटना से पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया। आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने जिला परिषद के सभाधिपति के घर को निशाना बनाते हुए जमकर तांडव मचाया, जिसमें घर के बाहर लगी स्टेनलेस स्टील की रेलिंग को उखाड़ फेंका गया और खिड़कियों को निशाना बनाकर लगातार ईंट-पत्थर बरसाए गए, जिससे खिड़कियों के कांच टूट गए। हमले के समय जिला सभाधिपति का पूरा परिवार घर के भीतर ही मौजूद था, जिन्होंने खुद को बचाने के लिए हमले वाली दिशा के विपरीत बने एक कमरे में शरण ली।
सूत्रों के अनुसार, ग्रामीणों का यह गुस्सा मुख्य रूप से जिला सभाधिपति के बेटे पवित्र बाउरी के खिलाफ था। ग्रामीणों को संदेह है कि शादीशुदा और बच्चों का पिता होने के बावजूद पवित्र बाउरी पड़ोस की एक महिला के साथ विवाहेतर संबंध बनाने का प्रयास कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर पड़ोसियों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाने की पुलिस और सिविक वॉलंटियर्स तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
इस घटना को लेकर गुरुवार को जब जिला परिषद के सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने अपने बेटे पर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि यह केवल एक पारिवारिक विवाद है और जिस महिला का जिक्र किया जा रहा है, वह उनकी रिश्तेदार है, जिसका घर उनके घर की दीवार से सटा हुआ है। उन्होंने बेटे पर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस सिलसिले में उनसे भी पूछताछ की गई है।





0 Comments