आसनसोल जिला अस्पताल में पोषण पुनर्वास केंद्र का उद्घाटन, कुपोषित बच्चों और माताओं को मिलेगा पौष्टिक आहार

आसनसोल :- राज्य की शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल तथा आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने शुक्रवार को आसनसोल जिला अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान अस्पताल में एक नए 'पोषण पुनर्वास केंद्र' (न्यूट्रीशनल रिहैबिलिटेशन सेंटर) का भव्य उद्घाटन किया गया। इस केंद्र में कुपोषण का शिकार हुए बच्चों और उनकी माताओं को रखकर उनका उचित इलाज किया जाएगा, साथ ही उन्हें पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा ताकि बच्चों को कुपोषण के प्रभाव से पूरी तरह मुक्त किया जा सके। इस मौके पर पश्चिम बर्धमान जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी और जिला अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट सहित तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।



उद्घाटन के बाद मंत्री अग्निमित्रा पाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य व पोषण को लेकर हमेशा गंभीर रही है। उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए केंद्र द्वारा कई परियोजनाएं चलाई जा रही हैं और यह केंद्र भी उसी का एक हिस्सा है। इसके साथ ही उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री को धन्यवाद दिया और अस्पताल प्रबंधन को स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने की हिदायत दी। वहीं, विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि नई राज्य सरकार को बने अभी केवल दो महीने ही हुए हैं, लेकिन जिस रफ्तार से हर विभाग में काम हो रहा है, उससे स्पष्ट है कि राज्य में सही मायने में परिवर्तन हुआ है। उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री और कैबिनेट के नेतृत्व में पूरे राज्य का सर्वांगीण विकास होगा।

Post a Comment

0 Comments