रानीगंज बाईपास का काम जल्द पूरा करने का निर्देश, मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने किया निरीक्षण

रानीगंज :- राज्य के लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने रानीगंज में निर्माणाधीन 4-लेन बाईपास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों और संवेदक (ठेकेदार) के प्रतिनिधियों को कार्य में तेजी लाते हुए इसे यथाशीघ्र पूर्ण करने का कड़ा निर्देश दिया। निरीक्षण के बाद मंत्री डॉ अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि बेहतर सड़क अवसंरचना के माध्यम से आमजन को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जानकारी के अनुसार, पश्चिम बर्दवान जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-60 (नया एएच-14) पर बन रहा यह रानीगंज बाईपास कुल 5.26 किलोमीटर लंबा है, जो एनएच-60 के किमी 273.00 से शुरू होकर एनएच-19 के किमी 478.18 तक जुड़ेगा। केंद्र व राज्य के सहयोग से बन रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की कुल निर्माण लागत लगभग 410.83 करोड़ रुपये है। इस 4-लेन बाईपास के निर्माण से रानीगंज शहर को भीषण ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी। दक्षिण भारतीय राज्यों और ओडिशा से उत्तर बंगाल व पूर्वोत्तर राज्यों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शहर के भीतर नहीं आना पड़ेगा, जिससे सड़क हादसों में कमी आएगी और ईंधन व समय दोनों की भारी बचत होगी। सूत्रों के अनुसार, इस परियोजना का निर्माण कार्य अंतिम चरणों में है और इसे आगामी कुछ महीनों के भीतर पूरी तरह संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस बाईपास के निर्माण से रानीगंज शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा, यात्रा समय में कमी आएगी तथा उत्तर बंगाल, झारखंड, ओडिशा और दक्षिण भारत की ओर जाने वाले वाहनों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। यह मार्ग औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगा। सरकारी प्रगति रिपोर्ट के अनुसार परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है और इसका भौतिक कार्य लगभग 65 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। परियोजना को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मंत्री ने अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए शेष कार्य शीघ्र पूरा करने तथा आम जनता को जल्द से जल्द इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments