कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस ने आसनसोल नगर निगम में किया प्रदर्शन

आसनसोल :- गुरुवार को कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आसनसोल नगर निगम पहुँचकर विभिन्न जनसमस्याओं और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के शासनकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और एक ज्ञापन सौंपा। कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुकांतो दास ने टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कुल्टी बोरो कार्यालय में टैक्स के पैसों के गबन और स्वनिर्भर गोष्ठी में बच्चों की यूनिफॉर्म निर्माण से जुड़े घोटाले का प्रमुखता से जिक्र किया। सुकांतो दास ने कहा कि तत्कालीन मेयर विधान उपाध्याय ने इन मामलों की पुलिस जांच कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।


इसके अलावा, उन्होंने कहा कि नगर निगम में एडमिनिस्ट्रेटर बैठने के बाद से कुल्टी सहित पूरे निगम क्षेत्र में नागरिक सेवाएं ठप पड़ी हैं। नए टेंडर न होने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्किंग स्थलों पर अवैध वसूली की जा रही है, जिसे रोकने के लिए तुरंत वैध टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई है। सुकांतो दास ने केंद्र और राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सब कुछ एडमिनिस्ट्रेटर के अधीन है, तो जनता को उनका अधिकार और बुनियादी नागरिक सेवाएं क्यों नहीं मिल पा रही हैं।

Post a Comment

0 Comments