कुल्टी में दर्जनों लोगों ने थामा कांग्रेस का दामन

कुल्टी :- बंगाल विधानसभा चुनाव में मनमुताबिक प्रदर्शन न रहने के बावजूद कांग्रेस जमीनी स्तर पर अपने संगठन को धार देने में जुटी है। वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव को बेहद अहम मानते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के बराकर अंतर्गत करीम डंगाल इलाके के निवासियों ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता रवि यादव के नेतृत्व में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस में शामिल हुए स्थानीय निवासियों का कहना था कि वे वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी को देश के प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं और इसी सपने को साकार करने के लिए उन्होंने क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत बनाने का फैसला किया है। सभी नए सदस्यों का पार्टी में गर्मजोशी से स्वागत किया गया।


इस अवसर पर कांग्रेस नेता रवि यादव ने कहा कि करीम डंगाल क्षेत्र के लगभग सभी निवासियों ने पार्टी की नीतियों में विश्वास जताया है। लोगों को अब यह समझ आ चुका है कि धर्म और जाति की राजनीति से ऊपर उठकर अगर कोई दल देश और राज्य का सही विकास कर सकता है, तो वह केवल कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में देश को मजबूत करने के इस अभियान से लोग लगातार जुड़ रहे हैं और आने वाले समय में संगठन को और अधिक सशक्त किया जाएगा ताकि देश से भेदभाव मिटाकर तरक्की की नई राह खोली जा सके।

Post a Comment

0 Comments