मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया आसनसोल बाजार का औचक निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने के निर्देश


आसनसोल :- राज्य की शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बृहस्पतिवार को आसनसोल बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बाजार में फुटपाथ पर भारी अतिक्रमण देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश दिए। मंत्री के इस निरीक्षण के दौरान आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट और ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पाया कि सड़क के किनारे फुटपाथों पर अवैध कब्जे के कारण छोटे-बड़े वाहनों की पार्किंग के लिए कोई जगह नहीं बची है, जिसके चलते लोग जहां-तहां अपने वाहन खड़े कर रहे हैं। इस अव्यवस्था की वजह से आम जनता को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


बाजार का जायजा लेने के बाद मंत्री सीधे आसनसोल बस स्टैंड पहुंचीं, जहां की स्थिति देखकर भी वह बेहद असहज हुईं। उन्होंने देखा कि बस स्टैंड से निकलने के बाद मिनी और बड़ी बसें सड़क पर जहां-तहां रुककर यात्रियों को उतारती और चढ़ाती हैं, जिससे मुख्य जीटी रोड पर भयंकर ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो जाती है। इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आसनसोल बस स्टैंड से रवाना होने से पहले ही बसों में यात्रियों को बैठाना अनिवार्य होगा।


मंत्री के कड़े रुख को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस के कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी और सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी मिनी बसों में जंजीर लगा दी। मीडिया से बात करते हुए मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि आसनसोल शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए एक उचित पार्किंग व्यवस्था की बेहद जरूरत है, और इसके लिए प्रशासन द्वारा उपयुक्त जगहों की तलाश की जा रही है ताकि भविष्य में जनता को जाम से मुक्ति मिल सके।

Post a Comment

0 Comments