रानीगंज :- रोटरी क्लब ऑफ रानीगंज ने इनर व्हील क्लब और क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन के साथ मिलकर बृहस्पतिवार को रोटरी क्लब के सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का उद्घाटन रोटरी क्लब ऑफ रानीगंज के अध्यक्ष प्रशांत जायसवाल, इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष श्वेता बरनवाल और क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप सोमानी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान तीनों संस्थाओं के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लगभग 50 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। इस पुनीत कार्य में महिलाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ अपनी भागीदारी दर्ज कराई। आसनसोल जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की आई टीम ने रक्त संग्रहित किया, जिसके बाद सभी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया और उनका हौसला बढ़ाया गया।
इस मौके पर प्रोजेक्ट चेयरमैन व चार्टर्ड अकाउंटेंट महेश बाजोरिया ने बताया कि रोटरी क्लब हर साल रक्तदान शिविर का आयोजन करता है और इस बार इसे इनर व्हील क्लब तथा क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन के सहयोग से और भी व्यापक स्तर पर किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संस्था का लक्ष्य वर्ष में कम से कम 3 से 4 बार ऐसे शिविर आयोजित करने का है।
इसके साथ ही समाज सेवा के अपने संकल्प को दोहराते हुए रोटरी क्लब ने सूचित किया है कि उनके पास 'ब्लड डोनेशन कार्ड्स' उपलब्ध हैं, जो एक वर्ष के लिए मान्य होते हैं। इन कार्ड्स के माध्यम से आसनसोल सरकारी अस्पताल के नियमों और उपलब्धता के अनुसार मुफ्त में रक्त प्राप्त किया जा सकता है। क्लब ने कहा है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति इन कार्ड्स को प्राप्त करने के लिए रोटरी क्लब ऑफ रानीगंज से संपर्क कर सकता है। रोटरी क्लब ऑफ रानीगंज समाज की सेवा और पीड़ितों की मदद के लिए हमेशा पूरी प्रतिबद्धता के साथ तैयार है।

0 Comments