कोलकाता :- पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार को 50 नई वातानुकूलित (AC) सरकारी बसों का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा कि केंद्र सरकार के साथ बेहतर समन्वय के माध्यम से राज्य के परिवहन क्षेत्र में व्यापक सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजबूत और आधुनिक परिवहन व्यवस्था से आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ राज्य के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि अगस्त से बस कंडक्टरों के वेतन में वृद्धि लागू होगी। साथ ही 400 नई बसों की खरीद के लिए जल्द टेंडर जारी किए जाएंगे और मार्च 2027 तक राज्य के बेड़े में 1,000 नई बसें शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि विश्व बैंक और एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के सहयोग से आसनसोल-दुर्गापुर और सिलीगुड़ी में नए परिवहन परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। वहीं बालुरघाट, मालदा और पुरुलिया में घरेलू हवाई अड्डों के विकास के लिए केंद्र सरकार ने वित्तीय सहायता देने पर सहमति जताई है। कल्याणी में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का भी निर्माण किया जाएगा।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि 435 अतिरिक्त बसें भी विभिन्न जिलों में चलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बंद हो चुकी ट्राम सेवा को पुनर्जीवित करने की योजना पर काम कर रही है। यदि योजना सफल रही तो दक्षिणेश्वर, कालीघाट और न्यू टाउन जैसे क्षेत्रों में भी ट्राम सेवा शुरू करने पर विचार किया जाएगा।




0 Comments