कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के बारूईपुर में एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इस बीच, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मंगलवार को खुद बारूईपुर में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कार्यालय पहुंचे। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। इसके साथ ही उन्होंने घटना के बाद भड़की हिंसा में मॉब लिंचिंग (भीड़ हिंसा) का शिकार हुए युवक के परिवार से भी बातचीत करने की इच्छा जताई। इस उच्च स्तरीय बैठक में राज्य पुलिस के महानिदेशक (डीजी) सिद्धनाथ गुप्ता भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि पिछले रविवार को एक स्थानीय तालाब से किशोरी का शव मिलने के बाद से ही इलाके में लगातार विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अब तक तीन आरोपियों—आनंद सरदार, प्रभास मंडल और दिवाकर सरदार को गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इससे पहले भी जनता से शांति बनाए रखने की अपील की थी और सोमवार को आश्वस्त किया था कि पीड़ित परिवार की हर मांग को पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने एसपी कार्यालय में सायनी घोष, ऋतब्रत बनर्जी और स्थानीय विधायक बिमान बनर्जी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक के बाद सोनारपुर दक्षिण की विधायक रूपा गांगुली ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें ऐसी कठोर सजा दिलाई जाएगी जो भविष्य के लिए एक मिसाल बने।



0 Comments