दुर्गापुर :- दुर्गापुर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड (डीपीएल) के कूलिंग टावर में रेलिंग काटने का काम करते समय ऊंचाई से गिरकर 2 ठेका श्रमिकों की मौत से इलाके में गहरा शोक व्याप्त है। मृत श्रमिकों की पहचान उमेश साव और पिंटू कुमार घोष के रूप में हुई है। इस हादसे में एक अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज चल रहा है।
इस संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों की मदद के लिए भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) और स्थानीय भाजपा नेतृत्व आगे आए हैं। मानवीय दायित्व निभाते हुए, दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक श्री चंद्रशेखर बनर्जी के सहयोग और बीएमएस की पहल पर बुधवार को दोनों मृतक श्रमिकों के परिवारों को 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपी गई।
मृत श्रमिकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भाजपा विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने कहा कि दुर्गापुर के इस दर्दनाक हादसे में दो श्रमिकों की अकाल मृत्यु से हम सभी बेहद आहत हैं। अपने प्रियजनों को खोने की अपूरणीय क्षति को किसी भी धनराशि से पूरा नहीं किया जा सकता। फिर भी, इस कठिन समय में मानवीय जिम्मेदारी निभाते हुए पीड़ित परिवारों का संबल बनने का यह हमारा एक छोटा सा प्रयास है। भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर इन परिवारों के साथ खड़े रहने का हमारा संकल्प जारी रहेगा। हम दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हैं।
बीएमएस के जिला सचिव मृण्मय बनर्जी और डीपीएल की जनसंपर्क अधिकारी सौगता मित्रा ने बताया कि यह हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी निष्पक्ष और गहन जांच शुरू कर दी गई है।





0 Comments