DPL के कूलिंग टावर से गिरकर 2 ठेका मजदूरों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

दुर्गापुर :- दुर्गापुर के दुर्गापुर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड (DPL) के कूलिंग टावर में काम करने के दौरान एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। यहां रेलिंग काटने का काम करते समय अचानक ऊंचाई से नीचे गिर जाने के कारण दो ठेका श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के नेता तुरंत मौके पर पहुंचे। मृतकों की पहचान उमेश साव और पिंटू कुमार घोष के रूप में हुई है, वहीं घायल श्रमिक को बेहद नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।


इस हादसे के बाद बीएमएस के जिला सचिव मृण्मय बनर्जी ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने प्रबंधन से मृतक श्रमिकों के पीड़ित परिवारों के लिए उचित वित्तीय मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने घटना की निष्पक्ष और पूरी जांच कराने की भी पुरजोर मांग की ताकि लापरवाही के दोषियों पर कार्रवाई की जा सके। दूसरी ओर, DPL की जनसंपर्क अधिकारी सौगता मित्रा ने दो ठेका मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह भीषण दुर्घटना असल में किस वजह से हुई, इसकी तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर विस्तृत जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments