कोलकाता:- उत्तर दमदम के बेलघरिया एक्सप्रेस-वे स्थित खलिसाकोटा इलाके में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कुख्यात अपराधी राजा दत्त की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में उसके दो अन्य साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद राजा दत्त को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके को घेरकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे पुरानी आपसी रंजिश प्रमुख वजह हो सकती है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह राजा दत्त अपने साथियों के साथ बाइक से खलिसाकोटा इलाके में पहुंचा था, जहां कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि हमलावरों ने राजा के पास मौजूद बंदूक छीन ली और उसी बंदूक से उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हत्या के पीछे सुमन नामक एक अपराधी का नाम सामने आया है, जिसके साथ राजा की लंबे समय से दुश्मनी चल रही थी। पुलिस ने शक के आधार पर 5 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


0 Comments