दुर्गापुर :- दुर्गापुर के कोकओवेन थाना क्षेत्र के करंगोपाड़ा स्थित पीसीबीएल रोड पर मंगलवार को उस समय भारी तनाव फैल गया, जब आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (ADDA) की टीम सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बने एक क्लब को ढहाने पहुंची। इस दौरान कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों और प्रशासन के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद सत्तारूढ़ भाजपा के ही दो गुट आपस में भिड़ गए। स्थिति को अनियंत्रित होता देख मौके पर बड़ी संख्या में केंद्रीय बल के जवानों को तैनात करना पड़ा।
दरअसल, करंगपाड़ा इलाके में स्थित 'युवा शक्ति स्पोर्टिंग क्लब' लंबे समय से सरकारी जमीन पर बना हुआ था। स्थानीय भाजपा नेताओं सौम्य केश और समीर बाउरी का आरोप है कि इस क्लब से तृणमूल कांग्रेस (TMC) की राजनीतिक गतिविधियां संचालित होती थीं। चुनाव के दौरान टीएमसी प्रत्याशी इसी क्लब में आकर बैठकें करते थे और सामग्री वितरित करते थे।
दूसरी ओर, भाजपा कार्यकर्ता राजू नायक ने इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध करते हुए इसे व्यक्तिगत द्वेष का परिणाम बताया। उन्होंने दावा किया कि वे खुद लंबे समय से भाजपा से जुड़े हैं, लेकिन हाल ही में पार्टी में शामिल हुए कुछ लोग आपसी रंजिश के तहत केवल इसी क्लब को निशाना बना रहे हैं। उनका कहना था कि अगर अतिक्रमण हटाना ही है, तो सड़क पर स्थित अन्य दुकानों और क्लबों को भी तोड़ा जाना चाहिए।
इस तीखी नारेबाजी और अंदरूनी गुटबाजी के कारण इलाके में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। आखिरकार, केंद्रीय बलों की मौजूदगी में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए नई सरकार के बुलडोजर से 'युवा शक्ति स्पोर्टिंग क्लब' की इमारत को पूरी तरह जमींदोज कर दिया।





0 Comments