दुर्गापुर :- अवैध कोयले के काले कारोबार के खिलाफ कोकओवन थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दुर्गापुर के कांजीलाल एवेन्यू इलाके में विशेष अभियान चलाकर अवैध कोयले से लदे दो ट्रकों को ज़ब्त कर लिया। इसके साथ ही मौके से दो ट्रक चालकों, नवाब खलीफा और महरम अली को गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को जब दोनों आरोपियों को दुर्गापुर अनुमंडल न्यायालय में पेश किया गया, तो अदालत ने उन्हें चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रात में गश्त और नियमित तलाशी अभियान के दौरान संदिग्ध दिखने पर इन दोनों ट्रकों को रोका गया था। जब चालकों से कोयला परिवहन से जुड़े वैध कागजात मांगे गए, तो वे कोई भी दस्तावेज़ पेश करने में पूरी तरह असमर्थ रहे। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोयले समेत दोनों वाहनों को ज़ब्त कर थाने पहुंचा दिया।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह अवैध कोयला दुर्गापुर की ही एक स्थानीय फैक्टरी में पहुँचाने की कोशिश की जा रही थी। फिलहाल पुलिस हिरासत में दोनों चालकों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच टीम अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह कोयला कहां से अवैध रूप से निकाला गया था, इसका असली मालिक कौन है और इस पूरे गिरोह के पीछे किन प्रमुख लोगों का हाथ है।



0 Comments