दुर्गापुर :- राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) के सर्विस रोड पर 'नो पार्किंग' के बोर्ड लगे होने के बावजूद लगातार खड़े हो रहे भारी वाहनों और खाली ट्रकों पर आखिरकार प्रशासन का चाबुक चल ही गया। दुर्गापुर के भिरंगी सहित आसपास के इलाकों में काफी समय से सर्विस रोड पर ट्रकों के अवैध जमावड़े से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय निवासियों का आरोप था कि सड़क के एक बड़े हिस्से पर कब्जा कर कई घंटों और कभी-कभी तो कई दिनों तक—ट्रक खड़े रहते थे। इसके कारण छोटी गाड़ियों, बाइक और राहगीरों को जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ता था। खासकर रात के अंधेरे और व्यस्त समय के दौरान हादसों की आशंका काफी बढ़ गई थी। इस समस्या से निजात पाने के लिए लोग लंबे समय से प्रशासन से गुहार लगा रहे थे।
बुधवार को दुर्गापुर ट्रैफिक गार्ड पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भिरंगी इलाके के सर्विस रोड पर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 'नो पार्किंग' जोन में अवैध रूप से खड़े कई ट्रकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों का चालान काटा गया।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यदि किसी ने भी 'नो पार्किंग' जोन में ट्रक या कोई अन्य वाहन खड़ा किया, तो उसके खिलाफ और सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि पुलिस का यह अभियान नियमित रूप से चलता रहा, तो सर्विस रोड अवैध कब्जों से मुक्त रहेगा, यातायात सुचारू होगा और सड़क दुर्घटनाओं के खतरे में भी कमी आएगी।



0 Comments