Durgapur में TMC के ट्रेड यूनियन ऑफिस से सरकारी त्रिपाल समेत कई सामग्री बरामद, BJP ने की एक्शन की मांग

दुर्गापुर :- दुर्गापुर के गोपालपुर इलाके में उस समय भारी तनाव फैल गया, जब तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन (INTTUC) के एक कार्यालय से भारी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री बरामद हुई। बरामद सामानों में सरकारी 'विश्व बांग्ला' लोगो वाले लगभग 250 त्रिपाल (तिरपाल), भारी मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर और बोरियों में भरा सरकारी मछली का दाना शामिल है। इस घटना के बाद इलाके में भारी सनसनी फैल गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोप है कि यह दफ्तर तृणमूल श्रमिक संगठन के स्थानीय प्रभावशाली नेता शिवदास मंडल के नियंत्रण में था। बुधवार दोपहर जब भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इस कार्यालय का दरवाजा खोला, तो वे अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। कार्यालय के भीतर सरकारी मुहर और लोगो लगे त्रिपालों का ढेर लगा हुआ था। इसके साथ ही सरकारी आपूर्ति वाली ब्लीचिंग पाउडर की बोरियां और मत्स्य विभाग द्वारा दिया जाने वाला मछली का दाना भी भारी मात्रा में छिपाकर रखा गया था। खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ वहां जमा हो गई।


भाजपा और स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिवदास मंडल इलाके का एक रसूखदार तृणमूल नेता है, जिसने कथित तौर पर एक जलाशय (जलमग्न भूमि) पर अवैध कब्जा करके इस पार्टी दफ्तर का निर्माण कराया था। विपक्ष का दावा है कि इस पूरे गोरखधंधे में स्थानीय पंचायत प्रधान श्रीनंदा राय महंती और उप-प्रधान गणेश मंडल की भी पूरी शह थी। नेता पर कम समय में करोड़ों की संपत्ति बनाने के भी आरोप लगते रहे हैं।

घटना स्थल पर मौजूद भाजपा नेता संग्राम मुखर्जी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस शिवदास मंडल ने सिर्फ त्रिपाल ही नहीं, बल्कि जनता के हक की कई सरकारी संपत्तियां लूटी हैं। आज पाप का घड़ा फूटा है और सच सबके सामने आ रहा है। हमने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सिर से पैर तक भ्रष्टाचार में डूबे ऐसे नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और इन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। फिलहाल पुलिस ने सभी सरकारी सामग्रियों को जब्त कर लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि आम जनता के लिए आई सरकारी राहत सामग्री एक पार्टी दफ्तर में कैसे और किसके इशारे पर डंप की गई थी।

Post a Comment

0 Comments