Durgapur में कुएं से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, हत्या या दुर्घटना की जांच में जुटी पुलिस

दुर्गापुर :- दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के वनशोल गांव में गुरुवार सुबह एक सार्वजनिक कुएं से अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही लाуदोहा (फरीदपुर) थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। स्थानीय निवासी कालीचरण माझी ने बताया कि सुबह जब ग्रामीण कुएं पर पानी भरने गए, तो उनकी नजर भीतर पानी में तैर रहे एक शव पर पड़ी। यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।


स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मृतक इस गांव या आसपास के इलाके का निवासी नहीं है और उसका चेहरा पूरी तरह अपरिचित है। बाहरी व्यक्ति का शव मिलने से अब कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर यह व्यक्ति कब और कैसे इस गांव तक पहुंचा। यह अभी रहस्य बना हुआ है कि वह दुर्घटनावश कुएं में गिरा या फिर किसी ने उसकी हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंक दिया। लाउदोहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी, लेकिन इस रहस्यमयी घटना से गांव में दहशत का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments