दुर्गापुर :- दुर्गापुर के मामड़ा बाजार स्थित जगन्नाथ मंदिर के सामने उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती टोटो (ई-रिक्शा) से अचानक तेजी से धुआं निकलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोटो बी-वन मोड़ से फल लादकर एमएएमसी (MAMC) की ओर जा रहा था। इसी दौरान चलती गाड़ी के बैटरी वाले हिस्से से अचानक गाढ़ा धुआं निकलने लगा, जिसे देखकर आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। परिस्थिति की गंभीरता को भांपते हुए टोटो चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और गाड़ी को सड़क किनारे रोककर नीचे उतर गया।
टोटो से धुआं निकलता देख आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और सुरक्षा के लिहाज से आम लोगों को गाड़ी से दूर हटा दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही न्यू टाउनशिप थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, शॉर्ट सर्किट या बैटरी में किसी तकनीकी खराबी के कारण टोटो से धुआं निकला था। हालांकि, घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस घटना के चलते कुछ समय के लिए इलाके में तनाव और डर का माहौल बना रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।




0 Comments