दुर्गापुर :- दुर्गापुर में एक हिंदूवादी संगठन 'धर्मचक्र' ने मांस और खाद्य पदार्थों की दुकानों पर 'हलाल' या 'झटका' का बोर्ड लगाना अनिवार्य करने की मांग उठाई है। इस संबंध में संगठन के अध्यक्ष दीप दास ने पहले एक संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से अपनी बात रखी थी। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए रविवार को संगठन के सदस्यों ने भिरिंगी से लेकर बेनाचिति बाजार तक विभिन्न मांस और भोजन की दुकानों का दौरा किया। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों पर स्पष्ट रूप से लिखें कि बेचा जा रहा मांस हलाल है या झटका।
संगठन के अध्यक्ष ने बताया कि यह कदम आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोगों ने शिकायत की थी कि वे जो खा रहे हैं, उन्हें उसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। इस अभियान के दौरान लोगों की शिकायतें सही पाई गईं, क्योंकि अधिकांश उपभोक्ता इस बात को लेकर भ्रम की स्थिति में थे कि वे जो मांस खरीद रहे हैं, वह झटका है या हलाल। संगठन का दावा है कि बोर्ड लगने से ग्राहक अपने धार्मिक विश्वास और पसंद के अनुसार सोच-समझकर निर्णय ले सकेंगे।




0 Comments