Durgapur में रथयात्रा को लेकर पुलिस की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा

दुर्गापुर :- आगामी रथयात्रा उत्सव को देखते हुए सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। शुक्रवार को दुर्गापुर के नेताजी भवन में आयोजित इस बैठक में शहर की विभिन्न रथयात्रा आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में मुख्य रूप से दुर्गापुर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सुबीर राय, दुर्गापुर थाने के ओसी, विभिन्न चौकियों के आईसी और ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों सहित पुलिस कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


बैठक के दौरान रथयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने, भारी भीड़ को नियंत्रित करने, सुचारू ट्रैफिक प्रबंधन, किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयोजकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों ने उत्सव के दौरान विभिन्न संवेदनशील इलाकों में निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। इस समन्वय बैठक में इस्कॉन मंदिर की ओर से ओदूर्य चंद्र दास और दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। आयोजन समितियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया और आश्वस्त किया कि वे आपसी समन्वय के साथ इस बार भी रथयात्रा उत्सव को पूरी तरह से शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएंगे।

Post a Comment

0 Comments