पूर्व बर्दवान :- पूर्व बर्दवान जिले के भातार विधानसभा अंतर्गत ओरग्राम में स्थित FCI के चावल गोदाम और कुड़मुन गांव की एक राशन दुकान पर राज्य के खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनिया ने अचानक छापा मारा। इस औचक निरीक्षण के दौरान मंत्री ने राशन व्यवस्था में व्याप्त कथित अनियमितताओं को खुद अपनी आंखों से देखा। ओरग्राम FCI गोदाम में उन्होंने खाद्य सामग्रियों के स्टॉक का जायजा लेकर गुणवत्ता की जांच के लिए चावल के नमूने एकत्र किए और उन्हें प्रयोगशाला भेजने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान स्टॉक किए गए अनाज की गुणवत्ता संदिग्ध होने के कारण यह अभियान चलाया गया है।
इसके बाद कुड़मुन गांव की राशन दुकान की जांच के दौरान रिकॉर्ड के मुकाबले 10 क्विंटल चावल कम पाया गया, जिसे गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने जिला नियंत्रक को पूरी जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत में खाद्य मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि पिछली सरकार के समय कई संपन्न लोगों के पास एएवाई और एसपीएचएच जैसी योजनाओं के राशन कार्ड हैं, जबकि असली गरीब इस लाभ से वंचित हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वर्तमान भाजपा सरकार सभी पात्र परिवारों को कार्ड मुहैया कराएगी और पूर्व बर्धमान जिले के किसानों को सरकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसल बेचने का उचित अवसर देगी।




0 Comments