Jamuria की फैक्ट्री में बॉयलर विस्फोट में कई घायल, 10 से अधिक लापता होने की आशंका

जामुड़िया :- जामुड़िया के इकरा औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक निजी फैक्ट्री में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट से हड़कंप मच गया। शेखपुर स्थित कैलस्टार स्पंज आयरन एंड प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में अचानक बॉयलर फटने से कई श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 10 से अधिक लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासियों के अनुसार, धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास के शेखपुर गांव के कई घरों में दरारें आ गईं।


घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कई घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाना पुलिस और रानीगंज से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी फैक्ट्री परिसर में जमा हो गए। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता द्वीप बंदोपाध्याय ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। फिलहाल राहत कार्य जारी है, जबकि पुलिस प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


Post a Comment

0 Comments