कुल्टी :- कुल्टी और आसपास के इलाकों में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एनडीपीएस (NDPS) कानून के तहत पूर्व में 10 साल के सश्रम कारावास की सजा पा चुके एक दंपती को पुलिस ने फिर से भारी मात्रा में हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर चौकी के बामुंडीहा मदरसा पाड़ा निवासी पप्पू अंसारी और उसकी पत्नी सुबेतारा खातून के रूप में हुई है। नियामतपुर चौकी के सब-इंस्पेक्टर मिलन भुईं के नेतृत्व में चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत दोनों को रानीसायेर मोड़ स्थित इस्को बाईपास रोड क्षेत्र से दबोचा गया। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 24 ग्राम हेरोइन और तस्करी से जुड़े कई अन्य दस्तावेज व उपकरण बरामद हुए।
इस गिरफ्तारी के बाद सबसे गंभीर सवाल यह उठ रहा है कि आखिर वर्ष 2020 के एक पुराने ड्रग तस्करी मामले में आसनसोल की विशेष एनडीपीएस कोर्ट से 10 वर्ष की कठोर कैद की सजा पाने के बावजूद यह दंपती जेल से बाहर आकर दोबारा इस अवैध धंधे में कैसे सक्रिय हो गया। पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस बार बरामद की गई हेरोइन किसी बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। फिलहाल कुल्टी थाना पुलिस इस पूरे गिरोह की जड़ों तक पहुंचने के लिए आरोपियों से हेरोइन के स्रोत और उनके खरीदारों के बारे में कड़ी पूछताछ कर रही है। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के उद्देश्य से उनकी 10 दिनों की रिमांड की मांग कर रही है।



0 Comments