Kulti के लच्छीपुर से भारी मात्रा में शराब और अवैध झारखंड लॉटरी बरामद, 2 गिरफ्तार

कुल्टी :- राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सख्त निर्देश पर अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ पूरे राज्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुल्टी थाने की नियामतपुर फांड़ी की पुलिस ने लछीपुर इलाके में बड़ी कार्रवाई की है। इस सघन अभियान के दौरान लछीपुर इलाके से भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए भीम माजी नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और बरामद शराब को जब्त कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

वहीं, इसी दिन अवैध झारखंड लॉटरी के खिलाफ चलाए गए एक अन्य अभियान में लछीपुर गेट इलाके से सूरज शॉ नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। नियामतपुर फांड़ी की पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में अवैध झारखंड लॉटरी के टिकट और इससे जुड़ी अन्य सामग्रियां जब्त की हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को मंगलवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले की गहराई से जांच करने के लिए अदालत से आरोपियों की 5 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी।


पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि अवैध झारखंड लॉटरी के इस गोरखधंधे में कई और लोग भी शामिल हैं। पूरे गिरोह के मुख्य सरगनाओं की पहचान करने के लिए पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। पुलिस प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि इलाके में अवैध शराब, ड्रग्स और अन्य गैरकानूनी व्यापारों के खिलाफ इस तरह का विशेष अभियान आने वाले दिनों में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments