दुर्गापुर :- दुर्गापुर में बिना नक्शा पास कराए और सरकारी जमीन पर कब्जा करके बहुमंजिला इमारतें बनाने के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। इस बड़ी कार्रवाई का निरीक्षण करने दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक लखन चंद्र घोरूई खुद 14 और 15 नंबर वार्ड में पहुंचे और अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी।
14 नंबर वार्ड के नतूनपल्ली में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत के उस विशालकाय वॉटर टैंक को गिराने के लिए नगर निगम ने बुलडोजर चलाया, जिसे बिना किसी स्वीकृत प्लान के बनाया गया था। टैंक के अत्यधिक मजबूत होने के कारण इसे पूरी तरह नहीं तोड़ा जा सका, जिसके बाद बिल्डर को 3 दिनों के भीतर खुद इसे हटाने का अल्टीमेटम दिया गया है। समय सीमा का पालन न करने पर तीन गुना जुर्माना लगाने की चेतावनी दी गई है।
कार्रवाई के दौरान विधायक लखन घोरूई ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले शासनकाल में दुर्गापुर में अवैध निर्माण आम बात हो गई थी। अनुमति दो मंजिल की होती थी और इमारतें तीन या उससे अधिक मंजिल की बना दी जाती थीं। उधर, 15 नंबर वार्ड के भगत सिंह नगर में सड़क पर कब्जा कर बहुमंजिला इमारत बनाने की शिकायत पर नगर निगम ने जमीन की नपाई शुरू कर दी है। विधायक ने साफ किया कि कब्जे की पुष्टि होते ही निर्माण को तुरंत ढहा दिया जाएगा।





0 Comments