पांडेश्वर में MLA जितेंद्र तिवारी ने लगाया जनता दरबार, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनहित में काम करने का दिया संदेश

पांडेश्वर (राम बाबू यादव) :- पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके त्वरित समाधान के उद्देश्य से जोआलबंगा इलाके के बूथ संख्या 113 और 114 में 'जनता दरबार' लगाया। 'जनता की आस्था, हमारी जिम्मेदारी' के संकल्प के साथ आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी अपनी शिकायतें, आवश्यकताएं और विभिन्न मांगें लेकर पहुंचे। अपने विधायक को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया।


विधायक जितेंद्र तिवारी ने प्रत्येक नागरिक की बात को बेहद ध्यान और गंभीरता पूर्वक सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द निवारण किया जाएगा। विधायक जितेंद्र तिवारी ने स्पष्ट किया कि यह जनता दरबार महज शिकायतें दर्ज करने का मंच नहीं है, बल्कि आम लोगों से सीधे जुड़ने और उनकी परेशानियों को दूर करने का एक निरंतर चलने वाला ईमानदार प्रयास है।


इस दौरान विधायक जितेंद्र तिवारी ने एक अत्यंत महत्वपूर्ण बात कही, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को कड़ा संदेश देते हुए दलगत राजनीति, पुरानी कटुता और चुनावी मतभेदों को भुलाकर केवल जनहित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि काम करते समय किसी की राजनीतिक संबद्धता, जाति, धर्म या भाषा को नहीं देखा जाना चाहिए। चाहे कोई भाजपा से जुड़ा हो, तृणमूल कांग्रेस, सीपीएम या कांग्रेस से—एक बार निर्वाचित होने के बाद विधायक किसी एक दल का नहीं बल्कि पूरी जनता का होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि विधानसभा चुनाव के दौरान यदि किसी से कोई विवाद हुआ भी हो, तो उसे पीछे छोड़कर अब सभी को साथ लेकर क्षेत्र के विकास के लिए आगे बढ़ना है।

Post a Comment

0 Comments