कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर में रविवार सुबह हथियारों की तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ हुआ है। सीआईडी की एक विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक मैजिक वैन को रोककर तलाशी ली, जिसमें से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में पुलिस ने एक अधेड़ उम्र की महिला को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान पूजा विश्वास के रूप में हुई है। आरोपी महिला हाबड़ा इलाके में एक किराए के मकान में रहती थी।
गुप्त सूचना के आधार पर सीआईडी और अशोकनगर थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अशोकनगर थाना क्षेत्र के 8 नंबर मोड़ पर उस वैन को रोका, जिससे पूजा नैहाटी रोड होते हुए हाबड़ा की तरफ जा रही थी। महिला के बैग की तलाशी लेने पर जांचकर्ताओं के होश उड़ गए। उसके बैग से 6 अत्याधुनिक पिस्तौल, लगभग 200 राउंड जिंदा कारतूस, 12 मैगजीन, 12 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा उसके पास से बिहार के जमालपुर जाने का एक ट्रेन टिकट भी मिला है, जिससे इस तस्करी के तार बिहार से जुड़े होने का संदेह गहरा गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पूजा विश्वास का आपराधिक इतिहास रहा है और इससे पहले भी दत्तपुकुर थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जा चुका है। सीआईडी की प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला बिहार के मुंगेर इलाके से इन हथियारों को लाकर हाबड़ा और आसपास के क्षेत्रों में बेचने की फिराक में थी। जांचकर्ताओं का मानना है कि वह बिहार से ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल में दाखिल हुई और नैहाटी स्टेशन पर उतरकर हाबड़ा जाने की योजना बना रही थी, लेकिन उससे पहले ही सीआईडी के जाल में फंस गई।
इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है। जांच अधिकारियों ने बताया है कि बरामद हथियारों और कारतूसों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। इस अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह के पीछे और कौन-कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं, उनका पता लगाने के लिए सीआईडी आरोपी महिला को बारासात अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है ताकि उससे गहन पूछताछ की जा सके।





0 Comments