मुर्शिदाबाद :- पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक रेल हादसा हो गया, जिसमें एक स्कूल वैन और साइकिल सवार को ट्रेन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 3 स्कूली बच्चों सहित कुल 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि पांच अन्य घायल हैं। घायलों को तुरंत इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो बच्चों की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। यह भीषण दुर्घटना कर्णसुवर्ण और गोविंदपुर स्टेशनों के बीच एक खुले लेवल क्रॉसिंग पर सुबह करीब 7 बजे घटित हुई। गेटमैन की लापरवाही के कारण ही खुली लेवल क्रॉसिंग पर स्कूल वैन आ गई थी। मुर्शिदाबाद की घटना में प्राथमिक जांच के बाद रेलवे अधिकारियों का ऐसा ही मानना है। उन्होंने आरोपी गेटमैन अनूप कर्मकार और एक सुपरवाइजर को पहले ही निलंबित (सस्पेंड) कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस ने उस गेटमैन को गिरफ्तार कर थाने ले गई है। रेलवे ने दुर्घटना की जांच के लिए 10 सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया है। इसके साथ ही भारतीय रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को ढाई-ढाई लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। वहीं घटना की सूचना पाकर पूर्व सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी मौके पर पहुंचे और इस दुर्घटना को लेकर रेलवे पर निशाना साधा।




0 Comments