Murshidabad Train Accident : ट्रेन ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, 2 स्कूली बच्चों समेत 3 लोगों की मौत

मुर्शिदाबाद :- पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक रेल हादसा हो गया, जिसमें एक स्कूल वैन और साइकिल सवार को ट्रेन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 2 स्कूली बच्चों सहित कुल 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि पांच अन्य घायल हैं। घायलों को तुरंत इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो बच्चों की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। यह भीषण दुर्घटना कर्णसुवर्ण और गोविंदपुर स्टेशनों के बीच एक खुले लेवल क्रॉसिंग पर सुबह करीब 7 बजे घटित हुई। गेटमैन की लापरवाही के कारण ही खुली लेवल क्रॉसिंग पर स्कूल वैन आ गई थी। मुर्शिदाबाद की घटना में प्राथमिक जांच के बाद रेलवे अधिकारियों का ऐसा ही मानना है। उन्होंने आरोपी गेटमैन और एक सुपरवाइजर को पहले ही निलंबित (सस्पेंड) कर घटना की जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस ने उस गेटमैन को गिरफ्तार कर थाने ले गई है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नवद्वीप जाने वाली एक अप ट्रेन के गुजरने के बाद लेवल क्रॉसिंग का गेट खोल दिया गया था, लेकिन वहां कोई गेटमैन मौजूद नहीं था। गेट खुला देखकर करीब दस बच्चों को ले जा रही स्कूल वैन और कुछ अन्य लोग पटरी पार करने लगे। इसी दौरान उसी लाइन पर निमतित-कटवा डाउन पैसेेंजर ट्रेन बेहद तेज गति से आ गई। जब तक खतरे को भांपकर गेट बंद करने की कोशिश की गई, तब तक स्कूल वैन बीच में ही फंस चुकी थी और ट्रेन ने उसे सरेराह टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गेटमैन की घोर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ और कुछ लोगों ने उसके नशे में होने की आशंका भी जताई है। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने गेटमैन को केबिन में बंधक बना लिया, जिसे बाद में बहरामपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गिरफ्तार किया।

इस बड़ी लापरवाही पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम मांझी ने बताया कि शुरुआती जांच में सिग्नल प्रणाली में कोई खराबी नहीं पाई गई है। ट्रेन अपने सही सिग्नल पर थी, इसलिए गेटमैन और संबंधित सुपरवाइजर को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। रेलवे ने दुर्घटना की जांच के लिए 10 सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया है। इसके साथ ही भारतीय रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को ढाई-ढाई लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।

Post a Comment

0 Comments