NH-19 पर टोटो देखते ही एक्शन में ट्रैफिक पुलिस, दुर्गापुर में धरपकड़, जुर्माना और जब्ती की चेतावनी

दुर्गापुर :- टोटो (ई-रिक्शा) के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए राज्य पुलिस ने पूरे पश्चिम बंगाल में कड़ा रुख अपना लिया है। इसी अभियान के तहत बुधवार सुबह से दुर्गापुर ट्रैफिक गार्ड ने भिड़िंगी इलाके में 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) पर एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमों की धज्जियां उड़ाकर दौड़ रहे एक के बाद एक कई टोटो को पुलिस ने रोक लिया। ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के आरोप में कई टोटो चालकों पर भारी जुर्माना लगाया गया, वहीं नियमों की अनदेखी करने वाले कुछ वाहनों को पुलिस ने मौके पर ही जब्त भी कर लिया।


दुर्गापुर ट्रैफिक गार्ड की ओर से टोटो चालकों को सख्त लहजे में चेतावनी दी गई है कि भविष्य में राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोटो लाने पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। अगर कोई दोबारा नियम तोड़ते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और टोटो को हमेशा के लिए जब्त कर लिया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर टोटो का अनियंत्रित परिचालन बड़े हादसों को न्योता देता है। इसलिए, यात्रियों और आम जनता की सुरक्षा के मद्देनजर इस विशेष अभियान को आने वाले दिनों में और अधिक तेज किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments