आसनसोल :- आसनसोल के बर्नपुर स्थित सेल (SAIL) के इस्को स्टील प्लांट (ISP) में ड्यूटी के दौरान एक ठेका श्रमिक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रानीगंज के तिराट इलाके के निवासी नित्य गोपाल धीवर के रूप में हुई है। इस दुखद घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने मृतक का शव प्लांट के टनल गेट पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आश्रित को नौकरी तथा उचित मुआवजे की मांग की।
मृतक के भाई ने बताया कि नित्य गोपाल आईएसपी में एक ठेकेदार के अधीन वाहन चालक के रूप में काम करते थे। मंगलवार को वह रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर आए थे और अपनी जिम्मेदारी संभाली थी। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत ईएसआई (ESI) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि नित्य गोपाल अपने पीछे पत्नी और बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जो पूरी तरह उन्हीं पर आश्रित था। ऐसे में परिवार के भरण-पोषण के लिए आश्रित को स्थायी नौकरी, उचित मुआवजा और अंतिम संस्कार के लिए तुरंत आर्थिक सहयोग दिया जाना चाहिए।
इस संबंध में आईएसपी के अधिकारी एस. दत्त ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि श्रमिक की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि मृतक एक ठेकेदार के अधीन कार्यरत थे और संबंधित ठेकेदार इस मामले को लेकर शुरू से ही संवेदनशील हैं। आश्रित को नौकरी देने के सवाल पर प्रबंधन ने कहा कि नियमों के मुताबिक सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और मामले के हर पहलू पर विचार करने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।





0 Comments