जामुड़िया :- स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एक विशेष टीम ने शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर जामुड़िया के केंदा स्थित बेलबाद बस स्टैंड इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी 24 वर्षीय खैरुल आलम चौधरी है, जिसके पास से तलाशी के दौरान दो अवैध आग्नेयास्त्र और एक राउंड जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरफ्तार युवक पांडवेश्वर थाना क्षेत्र के डालुर बांध इलाके का निवासी है।
एसटीएफ की टीम आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए जामुड़िया थाना लेकर पहुँची। शनिवार को पुलिस और एसटीएफ ने आरोपी को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है। जांच एजेंसियां फिलहाल इस बात की पड़ताल में जुटी हैं कि हथियार कहाँ से लाए गए थे और इनका उपयोग किस वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी का तार किसी बड़े अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क से तो नहीं जुड़ा है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

0 Comments