कोलकाता :- तृणमूल कांग्रेस के बैंक खातों से जुड़े कथित वित्तीय घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह से केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने कोलकाता और सॉल्टलेक सहित कुल पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच टीम ने मध्य कोलकाता में लालबाजार के पास वेस्टन स्ट्रीट स्थित एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के दफ्तर को खंगाला। इसके अलावा, सॉल्टलेक के सीजी ब्लॉक में एक बड़े व्यवसायी के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया गया, जिनकी 'केयरवेल एविएशन' नामक चार्टर्ड विमान सेवा प्रदाता कंपनी है। सूत्रों के मुताबिक, यह कंपनी अभिषेक बनर्जी जैसे वीवीआईपी नेताओं को चार्टर्ड विमान किराए पर देती थी। हाल ही में पूर्ववर्ती सरकार के नेताओं द्वारा चार्टर्ड विमानों के इस्तेमाल को लेकर पार्टी के भीतर ही विवाद खड़ा हो गया था।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल के पूर्व कोषाध्यक्ष अरूप विश्वास ने आंतरिक मतभेदों का हवाला देते हुए बैंक खातों को फ्रीज करने का आवेदन किया था। बाद में एक विधायक की शिकायत पर साइबर पुलिस ने वित्तीय धोखाधड़ी के शक में तीन खातों से लेनदेन पर रोक लगा दी थी। इसी मनी लॉन्ड्रिंग के लिंक को तलाशते हुए अब ईडी ने जांच की कमान संभाली है।



0 Comments